सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीजीपी दीपम सेठ ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ ने मंगलवार को अभिसूचना एवं सुरक्षा मुख्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था, आतंकवाद से निपटने, आगामी विधानसभा चुनाव, चारधाम यात्रा और कुंभ मेले की सुरक्षा को लेकर चर्चा हुई।
डीजीपी ने अधिकारियों को राष्ट्रीय स्तर पर लागू आतंकवाद विरोधी नीति ‘प्रहार’ को प्रदेश में प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े इनपुट को देखते हुए सोशल मीडिया पर युवाओं को कट्टर बनाने की कोशिशों पर नजर रखने और जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
उन्होंने राज्य एटीएस को देश के बड़े राज्यों के सफल ऑपरेशनों और कार्यप्रणाली का अध्ययन कर अपनी कार्यक्षमता और पेशेवर स्तर को और बेहतर करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा पर विशेष जोर
आगामी विधानसभा चुनाव और बढ़ती सुरक्षा संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही चुनाव और वीआईपी कार्यक्रमों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करने को कहा गया।
चीन-नेपाल सीमा पर बढ़ेगी निगरानी
चीन और नेपाल से लगी सीमाओं पर संदिग्ध गतिविधियों, घुसपैठ और राष्ट्रविरोधी तत्वों की आवाजाही पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आईटीबीपी, एसएसबी, सेना, आईबी, राज्य पुलिस और एटीएस के अधिकारियों के बीच उच्च स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
चारधाम और कुंभ मेले की सुरक्षा भी अहम
प्रदेश में बढ़ती पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए चारधाम यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया। आगामी कुंभ मेले और अन्य बड़े धार्मिक आयोजनों के लिए पहले से ठोस सुरक्षा योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
डीजीपी ने राज्य स्थापना दिवस, नवरात्र, दशहरा और दीपावली जैसे त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को भी कहा।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी
बैठक में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप ग्रुप्स पर 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। भड़काऊ पोस्ट, अफवाह, सांप्रदायिक मामलों से जुड़ी गलत खबरों, छेड़छाड़ किए गए वीडियो और डीपफेक की पहचान कर तत्काल कार्रवाई और आधिकारिक फैक्ट-चेक जारी करने को कहा गया।
इसके अलावा राष्ट्रपति द्वारा उत्तराखंड पुलिस को दिए जाने वाले प्रेसिडेंट पुलिस कलर समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। डीजीपी ने सभी महत्वपूर्ण आयोजनों के लिए जरूरी पुलिस बल, तकनीकी उपकरण और अन्य संसाधनों की व्यवस्था समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें:   हरिद्वार के होटल अलकनंदा टेंडर पर उठे सवाल: क्या खास विदेशी ब्रांड को फायदा पहुंचाने के लिए बनीं शर्तें?