देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के सुमननगर धर्मपुर में शराब के नशे में हंगामा और मारपीट करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने घर पर हुड़दंग करते हुए पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था और शांति व्यवस्था बाधित कर रहा था।
13 सितंबर 2026 को कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस को सूचना मिली कि सुमननगर धर्मपुर में एक व्यक्ति शराब के नशे में हंगामा कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर जितेंद्र डंगवाल (53) निवासी सुमननगर, धर्मपुर शराब के नशे में हो-हल्ला और हुड़दंग करते पाया गया।
पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और अधिक उत्तेजित होकर जोर-जोर से चिल्लाने लगा। शांति व्यवस्था भंग होने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने जितेंद्र डंगवाल को धारा 126/135/170 BNSS के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक या निजी स्थान पर हुड़दंग कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
